संज्ञा, सर्वनाम, विशेषण अथवा क्रिया शब्द के जिस रूप से एक या उसके एक से अधिक होने का बोध होता है, उसे ‘वचन’ कहते हैं।

 

अर्थात् संख्या का बोध कराने वाला रूप वचन कहलाता है।

लड़का पढ़ रहा है।

लड़के पढ़ रहे हैं।

 

यहां ‘लड़का’ शब्द से ‘एक लड़के’ का बोध हो रहा है तथा ‘लड़के’ शब्द से ‘एक से अधिक लड़कों’ का बोध हो रहा है।

 

वचन के भेद

 

हिन्दी में वचन दो प्रकार के होते हैं— एकवचन और बहुवचन।

 

एकवचन

 

संज्ञा, सर्वनाम, विशेषण अथवा क्रिया शब्द के जिस रूप से किसी एक व्यक्ति या वस्तु का बोध होता है, वहां एक वचन होता है।

 

जैसे— लड़का, वह, मैं, थैला, कुत्ता, वृक्ष, मीठा आदि।

 

बहुवचन

 

संज्ञा, सर्वनाम, विशेषण अथवा क्रिया शब्द के जिस रूप से किसी व्यक्ति या वस्तु की एक से अधिक संख्या का बोध होता है, वहां बहुवचन होता है।

 

जैसे— लड़के, वे, हम, पुस्तकें, कपड़े, मीठे आदि।

 

संज्ञा शब्दों के वचन — परिवर्तन के नियम

 

  1. अकारांत पुल्लिंगशब्दों के अंतिम स्वर ‘अ’ के स्थान पर ‘ए’ लगा देते हैं। जिससे एकवचन, बहुवचन में परिवर्तित हो जाता है।

 

एकवचन  बहुवचन

लड़का   लड़के

रुपया    रुपये

कौआ    कौए

कपड़ा    कपड़े

 

  1. अकारांत स्त्रीलिंगशब्दों के अंतिम स्वर ‘अ’ के स्थान ‘एं’ लगा देते हैं। जिससे एकवचन, बहुवचन में परिवर्तित हो जाता है।

 

एकवचन  बहुवचन

बात      बातें

गाय      गायें

पुस्तक    पुस्तकें

रात      रातें

 

  1. आकारांत स्त्रीलिंगशब्दों के आगे ‘एं’ जोड़ देने से एकवचन शब्द बहुवचन में परिवर्तित हो जाता है।

 

एकवचन बहुवचन 

महिला   महिलाएं

लता     लताएं

कन्या    कन्याएं

माता     माताएं

शिक्षिका  शिक्षिकाएं

अध्यापिका अध्यापिकाएं

 

  1. इकारांत या ईकारांतस्त्रीलिंग शब्दों के अंत में ‘यां’ जोड़ देने से एकवचन शब्द बहुवचन में परिवर्तित हो जाता है। बहुवचन बनाते समय ईकारांत शब्दों का अंतिम दीर्घ स्वर हृस्व (लघु) हो जाता है।

 

एकवचन  बहुवचन

बिजली   बिजलियां

टोपी     टोपियां

नारी     नारियां

साड़ी    साड़ियां

कली    कलियां

 

  1. उ,ऊ पर समाप्त होने वाले शब्दों के अं​त में ‘एं’ जोड़ देने से एकवचन शब्द बहुवचन में परिवर्तित हो जाता है।

 

एकवचन  बहुवचन

वधू     वधुएं

बहू     बहुएं

वस्तु    वस्तुएं

 

  1. स्त्रीलिंग शब्दोंके अंतिम वर्ण ‘या’ के ऊपर अनुनासिक (ं) लगा देने से एकवचन शब्द बहुवचन में परिवर्तित हो जाते हैं।

 

एकवचन  बहुवचन

गुड़िया    गुड़ियां

बछिया    बछियां

चुहिया    चुहियां

खटिया   खटियां

 

  1. कुछ एकवचन शब्दों के साथ— वृंद, लोग, जन, गण आदि लगाकर उनके बहुवचन रूप बनाए जाते हैं।

 

एकवचन   बहुवचन

गुरु       गुरुजन

नेता      नेतागण

मजदूर    मजदूरलोग

अमीर    अमीरलोग

गुरु      गुरुवृंद

छात्र     छात्रवृंद

अध्यापक  अध्यापकगण

संत     संतजन

गायक   गायकवृंद

शिक्षक  शिक्षकवृंद

बालक  बालकवृंद

गरीब   गरीबलोग


0 Comments

Leave a Reply

Avatar placeholder